17 August 2026

हाथियों के झुंड ने शिक्षकों से भरे टेंपो ट्रैवलर पर किया हमला, वाहनों में भी तोड़फोड़

0

पौड़ी गढ़वाल: लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाथियों के एक विशाल झुंड ने हाईवे पर पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया. हाथियों के झुंड ने कई वाहनों को निशाना बनाया और एक टेंपो ट्रैवलर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के दौरान हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के स्टोर के समीप हाथियों का झुंड अचानक हाईवे पर आ गया. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया. वाहन में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे. उसमें विद्यालय के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) से संबंधित सामान के साथ शिक्षकों के लंच टिफिन भी रखे हुए थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथियों ने वाहन को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया. उसमें रखा सामान तहस-नहस कर दिया. शिक्षकों के पर्स में रखी नकदी भी इस दौरान नष्ट हो गई. हाथियों के अचानक आक्रामक होने से वाहन में सवार शिक्षकों में दहशत फैल गई. किसी तरह सभी ने वाहन से दूर हटकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद शिक्षक वापस अपने घर लौट गए.

बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड ने हाईवे से गुजर रहे कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया. सुबह करीब पांच बजे से साढ़े सात बजे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा. हाथियों की मौजूदगी के कारण वाहन चालक आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके. दोनों ओर लंबा जाम लग गया. कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी. उन्होंने बताया कि कुछ वाहन चालकों ने अनजाने में हाथियों के झुंड का दोनों ओर से रास्ता रोक दिया. जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.

नीचे बह रही नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण हाथियों के लिए सुरक्षित रास्ता भी सीमित हो गया था. रेंजर के अनुसार झुंड में कई शिशु हाथी भी शामिल थे. बच्चों की मौजूदगी के कारण हाथी अधिक सतर्क और आक्रोशित हो गए. जिसके चलते उन्होंने वाहनों पर हमला कर दिया. वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा. जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया जा सका.

यह घटना एक बार फिर कोटद्वार क्षेत्र में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन्यजीव गलियारों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. सुबह के समय हाईवे पर हाथियों के पहुंचने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल बना रहा. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के झुंड दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें. किसी भी स्थिति में उनके रास्ते को अवरुद्ध करने का प्रयास न करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading