नैनीताल में मानसूनी बारिश बनी आफत, कई संपर्क मार्ग बाधित, इतना दर्ज हुआ बारिश का रिकॉर्ड
![]()
हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है. बारिश के चलते शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. जिला प्रशासन ने पूरे जिले में अलर्ट जारी करते हुए सड़क बाधित होने और भूस्खलन की स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए हैं. आपदा प्रबंधन कक्ष से लगातार निगरानी की जा रही है.
हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है. निचले इलाकों में सड़कों और रास्तों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश का असर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिल रहा है.
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें प्रभावित होने और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है. ऐसे में जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है. जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, आपदा प्रबंधन कक्ष के माध्यम से पूरे जिले में मानसून और बारिश की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी सड़क बाधित होती है या भूस्खलन जैसी स्थिति सामने आती है, वहां तत्काल सरकारी मशीनरी को सक्रिय किया जाए.
प्रशासन का कहना है कि बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रखा गया है. संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है और सड़क बंद होने की सूचना मिलने पर जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से मार्ग को जल्द से जल्द खोलने की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, प्रशासन ने लोगों से भी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है. मौसम को देखते हुए आने वाले घंटों में भी प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की निगरानी जारी रहेगी.
नैनीताल जनपद में बारिश का दौर जारी
- नैनीताल- 47.0 मिमी
- हल्द्वानी-23.0 मिमी
- कालाढूंगी-22.0 मिमी
- चोरगलिया-15.5 मिमी
- कैंची धाम-10.0 मिमी
- रामनगर-3.2 मिमी
- खन्स्यू-6.0 मिमी
- बेतालघाट-2.5 मिमी
- मुक्तेश्वर-0.3 मिमी
- जिले की औसत वर्षा 13.0 मिमी दर्ज की गई.
बैराजों को किया गया डिस्चार्ज: गौला बैराज से 1479 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया है, जिसमें चेतावनी डिस्चार्ज 27,576 क्यूसेक, खतरे का डिस्चार्ज 41,364 क्यूसेक है. कोसी बैराज से 3643 क्यूसेक पानी को छोड़ा गया है जबकि बैराज का चेतावनी डिस्चार्ज 51,786 क्यूसेक, खतरे का डिस्चार्ज 76,998 क्यूसेक है. नंधौर नदी से 540.10 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जिसमें चेतावनी डिस्चार्ज 10,000 क्यूसेक, खतरे का डिस्चार्ज 35,075 क्यूसेक है.
भारी बारिश से मार्ग बाधित
- वर्तमान में जनपद नैनीताल में 05 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं
- डोबा–गोनियारो मोटर मार्ग
- झड़गांव–चक्सानडुला मोटर मार्ग
- सलियाकोट–अनर्पा मोटर मार्ग
- कूल मोटर मार्ग
- महतोली गांव–मज्यूली मोटर मार्ग
- सभी मार्गों को 17 अगस्त 2026 को खोलने की संभावित तिथि दी गई है
