21 August 2026

चमोली नंदानगर में खाई में गिरी कार, सेना के जवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0

चमोली: विकासखंड नंदानगर के कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास देर रात एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़ (निवासी कुरूड़ गांव) की मौत हो गई. देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा, बारिश और खराब मौसम के कारण दुर्घटना का पता नहीं चल सका.

जानकारी के अनुसार संदीप गौड़ बुधवार देर रात करीब दो बजे लुंतरा गांव की ओर से कार से अपने घर कुरूड़ लौट रहे थे. चंचोली गधेरे के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद ग्रामीणों के साथ उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे और बारिश के कारण कार का पता नहीं चल पाया.

गुरुवार सुबह सड़क के नीचे कार की नंबर प्लेट दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद खाई में तलाश करने पर दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी. सूचना मिलने पर नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू अभियान चलाकर जवान के शव को खाई से बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेज दिया गया.

बताया गया कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे. इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे. वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था. परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है. जवान की असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर देर रात का अंधेरा, बारिश और सड़क पर फिसलन हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading