लक्सर में शुक्रवार को ‘युवा जोश, नई उड़ान’ मैराथन दौड़, शनिवार से मातृशक्ति आशीर्वाद महाभियान
![]()
लक्सर: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लक्सर क्षेत्र में भाजपा नेता और प्रदेश सहसंयोजक सचिन अग्रवाल ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है. अपने लक्सर कैंप कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर उन्होंने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को ‘युवा जोश, नई उड़ान’ के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही 22 अगस्त से लक्सर विधानसभा क्षेत्र की सभी न्याय पंचायतों में मातृशक्ति आशीर्वाद महा अभियान की शुरुआत की जाएगी.
सचिन अग्रवाल ने बताया कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि आज युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत है. यदि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा दी जाए तो वे क्षेत्र और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को मैराथन दौड़ की शुरुआत रायसी फाटक से होगी, जो निरंजनपुर गांव में पहुंचकर संपन्न होगी. उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और नशामुक्त समाज का संदेश देने का अभियान है.
महिलाओं और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने गांव-गांव पहुंचेंगे: सचिन अग्रवाल ने अपने दूसरे बड़े अभियान मातृशक्ति आशीर्वाद महा अभियान की भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत लक्सर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक न्याय पंचायत में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और आसपास के गांवों के लोगों से संपर्क कर उनका आशीर्वाद लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान क्षेत्र की बहनों से राखी बंधवाकर उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा. साथ ही महिलाओं, माताओं-बहनों और बुजुर्गों तक पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार और प्रत्येक महिला तक पहुंचना है, ताकि लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को नजदीक से समझा जा सके.
इन स्थानों पर होंगे कार्यक्रम: सचिन अग्रवाल के अनुसार अभियान की शुरुआत 22 अगस्त को निरंजनपुर स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज से होगी. इसके बाद 23 अगस्त को भिक्कमपुर, 24 अगस्त को मुंडाखेड़ा कला, 25 अगस्त को सेठपुर और 26 अगस्त को हुसैनपुर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान का समापन 27 अगस्त को लक्सर स्थित उनके कैंप कार्यालय नंद वाटिका में किया जाएगा.
विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे सचिन अग्रवाल: राजनीतिक रूप से भी सचिन अग्रवाल के इन कार्यक्रमों को काफी अहम माना जा रहा है. सचिन अग्रवाल लक्सर विधानसभा सीट से भाजपा की ओर से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं और चुनाव लड़ने को लेकर लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं. लगातार गांवों में जनसंपर्क, युवाओं और महिलाओं से संवाद तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से वह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं.
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना और उनकी समस्याओं को समझना उनकी प्राथमिकता है. मैराथन और मातृशक्ति आशीर्वाद महा अभियान के जरिए वह युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से सीधे संवाद स्थापित करने की तैयारी में हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से लक्सर विधानसभा में उनकी राजनीतिक सक्रियता और दावेदारी को और मजबूती मिलने के संकेत मिल रहे हैं.
