पहाड़ में बदहाल स्वास्थ्य सेवा की फिर खुली पोल, एंबुलेंस के इंतजाम में ‘देरी’ से बेरीनाग के व्यापारी ने तोड़ा दम
![]()
बेरीनाग: पहाड़ की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की कीमत एक और परिवार को अपने जवान बेटे को खोकर चुकानी पड़ी. बेरीनाग में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण युवा व्यापारी की मौत हो गई. परिजन करीब ढाई घंटे तक 108 एंबुलेंस सेवा का इंतजार करते रहे. जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस खड़ी थी, वहां रात में चालक नहीं होने के कारण उसका संचालन नहीं हो सका. आखिरकार करीब 30 किलोमीटर दूर गणाई गंगोली से एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.
हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में व्यापारी ने दम तोड़ दिया. परिजनों के मुताबिक, रविवार यानी 15 नवंबर की देर शाम करीब 6 बजे बेरीनाग में मूल रूप से बड़ेत निवासी हरीश बाफिला उर्फ हरदा की अचानक तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें आनन-फानन में सीएचसी बेरीनाग लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच में ऑक्सीजन का स्तर कम पाया और सांस लेने में अत्यधिक परेशानी को देखते हुए उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑक्सीजन सुविधा वाली 108 एंबुलेंस से ले जाने की सलाह दी.
एंबुलेंस तो खड़ी थी, लेकिन चालक नहीं था: परिजन मरीज को जल्द से जल्द हायर सेंटर पहुंचाने की तैयारी में जुट गए, लेकिन अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एंबुलेंस खड़ी होने के बावजूद उनकी मुश्किलें कम नहीं हुईं. एंबुलेंस की बुकिंग के दौरान पता चला कि रात में चालक उपलब्ध नहीं होने के कारण बेरीनाग की एंबुलेंस नहीं चल सकती. इसके बाद गणाई गंगोली से एंबुलेंस आने की बात कही गई.
30 किमी दूर से आई एंबुलेंस, रास्ते में तोड़ा दम: इधर, अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हरीश की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी और उधर परिजन 30 किलोमीटर दूर से एंबुलेंस पहुंचने का इंतजार करते रहे. करीब ढाई घंटे बाद रात साढ़े 9 बजे एंबुलेंस सीएचसी बेरीनाग पहुंची. इसके बाद परिजन उन्हें लेकर हायर सेंटर के लिए रवाना हुए, लेकिन अल्मोड़ा से करीब 10 किलोमीटर पहले एनडीटीडी के पास हरीश ने दम तोड़ दिया. परिवार की उम्मीदें रास्ते में ही टूट गईं.
स्वास्थ्य विभाग और 108 आपातकालीन सेवा के संचालन को लेकर लोगों का फूटा गुस्सा: घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और 108 आपातकालीन सेवा के संचालन को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है. व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस सेवा पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए. साथ ही मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
एक महीने से रात में बंद पड़ी बेरीनाग की 108 सेवा: बेरीनाग सीएचसी में तैनात 108 एंबुलेंस पिछले करीब एक महीने से चालक की कमी के कारण रात में खड़ी रहती है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूर्व में भी रात्रिकालीन सेवा बंद रहने का मुद्दा उठाया गया, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ. अब युवा व्यापारी की मौत के बाद यह सवाल खड़ा हो गया है कि जब अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध है तो चालक की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
एंबुलेंस खुद बदहाल, मरीजों की सुरक्षा पर सवाल: जिले में संचालित 108 एंबुलेंस की हालत भी सवालों के घेरे में है. रविवार रात हरीश को लेकर गई एंबुलेंस की स्थिति भी खस्ताहाल बताई जा रही है. उसके टायर घिसे हुए थे और अंदर चार अतिरिक्त टायर रखे हुए थे. जानकारी के मुताबिक, अल्मोड़ा से वापसी के दौरान यह एंबुलेंस रास्ते में खराब भी हो गई. ऐसे में आपातकालीन सेवा के नाम पर संचालित वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठ रहे हैं.
