16 November 2026

महानगरों की जहरीली हवा से घुटने लगा दम, शुद्ध सांसों की तलाश में कॉर्बेट पहुंच रहे सैलानी

0

रामनगर: देश की राजधानी दिल्ली समेत कई महानगरों में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के खतरनाक स्तर तक पहुंचने का असर अब पर्यटन गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है. दीपावली के बाद प्रदूषित हवा और दमघोंटू वातावरण से राहत पाने के लिए लोग उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं. नैनीताल समेत विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की पर्यटन नगरी रामनगर भी इन दिनों पर्यटकों से गुलजार नजर आ रही है. खासकर दिल्ली और आसपास के महानगरों से बड़ी संख्या में पर्यटक कॉर्बेट पहुंचकर यहां की स्वच्छ आबोहवा, प्राकृतिक सुंदरता और जंगलों के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं.

कॉर्बेट भ्रमण पर दिल्ली से पहुंचीं पर्यटक भूमि गुप्ता ने कहा कि वह प्रकृति से बेहद प्यार करती हैं. दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब है. दीपावली के दौरान AQI 3000 से अधिक होने की बात कहते हुए उन्होंने बताया कि कॉर्बेट आकर उन्हें स्वच्छ हवा में सांस लेने का अवसर मिल रहा है. उन्होंने प्रदूषण के बावजूद पटाखे जलाने वाले लोगों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के बीच भविष्य को लेकर चिंता होती है.

वहीं दिल्ली से आए कृष गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण काफी बढ़ गया है, दीपावली पर पटाखों के कारण स्थिति और खराब हो जाती है. सरकार को भी इस दिशा में नियंत्रण के लिए कदम उठाने चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली में AQI की रीडिंग 3000 तक देखने के बाद वह अपने फेफड़ों को प्रदूषण से बचाने और स्वच्छ हवा में सांस लेने के लिए कॉर्बेट पहुंचे हैं. पर्यटक संजय मनसुखानी ने कहा कि पुणे और दिल्ली जैसे महानगरों में प्रदूषण काफी अधिक है, जबकि कॉर्बेट में जंगलों के कारण वातावरण बेहद स्वच्छ और मौसम खुशनुमा है. वहीं दिलीप शाह ने बताया कि यहां की हवा में काफी ताजगी है और सांस लेने में किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं हो रही.

उन्होंने महानगरों में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई. पर्यटक स्वीटी सक्सेना शाह ने कहा कि कॉर्बेट में आकर स्वच्छ हवा और स्पष्ट नजारे देखने को मिल रहे हैं. महानगरों में धुएं और प्रदूषण के कारण आसपास का दृश्य भी साफ नजर नहीं आता. उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की और बताया कि गाइडों से उन्हें वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं.

वहीं पर्यटक गुंजन ने कहा कि कॉर्बेट का वातावरण सुबह और शाम बेहद शानदार रहता है. महानगरों में प्रदूषण के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जबकि यहां जंगल के भीतर उन्हें बेहद स्वच्छ वातावरण महसूस हुआ. वहीं पर्यटक नितिन ने बताया कि वह दीपावली की छुट्टियों में बच्चों को महानगरों के प्रदूषण से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताने के लिए कॉर्बेट लेकर आए हैं, यहां का वातावरण बच्चों के लिए भी काफी अच्छा है.

डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि इससे पर्यटकों को सुकून मिलता है, वहीं प्रदेश के पर्यटन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलता है. पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को रोजगार और प्रदेश को राजस्व की प्राप्ति होती है. कुल मिलाकर महानगरों में बढ़ता प्रदूषण जहां लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. वहीं कॉर्बेट और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थल लोगों के लिए स्वच्छ आबोहवा और सुकून के आकर्षक ठिकाने बनकर उभर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading