16 November 2026

धामी सरकार पर बरसे यशपाल आर्य, कहा- अंकिता केस से ध्यान भटकाने को खोली गई हरक सिंह की पुरानी फाइल

0

देहरादून: नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, राज्य में महिला सुरक्षा और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के खिलाफ पुराने मामले को लेकर धामी सरकार को जमकर घेरा. यशपाल आर्य ने सरकार की कार्यप्रणाली और जांच प्रक्रिया पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं. कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से ध्यान भटकाने के लिए हरक सिंह रावत का 23 साल पुराना मामला फिर से खोला गया. वहीं अंकिता के माता पिता न्याय मांग रहे हैं, लेकिन सरकार उनके दर्द को सुनने को तैयार नहीं है.

यशपाल आर्य ने अपने सोशल मीडिया हैंडल में लिखा कि अंकिता भंडारी के साथ कितना बड़ा अन्याय हुआ और उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन आज तक परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल पाया. उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अपराध के मामलों में उत्तराखंड पहले पायदान पर पहुंच गया है. नेता प्रतिपक्ष ने अंकित भंडारी हत्या मामले में कहा कि पूरे प्रदेश में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किए और विधानसभा के भीतर धरना देकर सरकार पर दबाव बनाया. उन्होंने कहा कि जनदबाव के चलते मुख्यमंत्री को सीबीआई जांच की संस्तुति करनी पड़ी, लेकिन आज वह जांच ठंडे बस्ते में चली गई है और अंकिता के माता-पिता आज भी न्याय के लिए भटक रहे हैं.

उन्होंने आगे लिखा कि जब अंकिता के माता-पिता दिल्ली के इंडिया गेट पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया. यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि पीड़ित माता-पिता की मांग थी कि सीबीआई जांच पूरी होने तक किसी की नियुक्ति न हो, लेकिन सरकार ने सिक्किम के राज्यपाल (संवैधानिक पद) पर नियुक्ति कर दी, ताकि किसी भी अदालत में उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई न हो सके.

वहीं यशपाल आर्य ने पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत का बचाव करते हुए सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया. कहा कि जब डॉ. हरक सिंह रावत ने सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोला, तो अंकिता मामले से ध्यान भटकाने और उसे दबाने के लिए 23 साल पुराना मामला फिर से खोला गया. जबकि इस मामले में सीबीआई पहले ही उन्हें निर्दोष बता चुकी है और कोर्ट भी उन्हें बरी कर चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading