नैनीताल में गहरी खाई में गिरी कार, चार लोग घायल
![]()
नैनीताल/लक्सर: नैनीताल के ताकुला क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां घने कोहरे की वजह से एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उधर, लक्सर में लापता युवक की तलाश में गंगा में सर्च अभियान चलाया गया. जबकि, मामले में अपहरण का भी आरोप लगा है.
सुनवाई के लिए नैनीताल हाईकोर्ट जा रहे थे कार सवार: पुलिस के मुताबिक, सभी लोग नैनीताल हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए जा रहे थे. इसी दौरान ताकुला के पास अचानक घना कोहरा छा जाने से चालक सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाया. ऐसे में वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा.
बीडी पांडे जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती: हादसे की सूचना स्थानीय निवासी बसंत मेहरा समेत स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद सभी चारों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया.
ये मानी जा रही है हादसे की वजह: प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और कम दृश्यता माना जा रहा है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और आगे की जांच जारी है.
अभियान की सूचना मिलते ही लक्सर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों में युवक की सकुशल बरामदगी को लेकर बेचैनी बनी रही.
परिजनों के मुताबिक, अंकित दो अगस्त की रात करीब नौ बजे बाइक से घर से निकला था. इसके बाद वो वापस नहीं लौटा. अंकित खनन कार्य से जुड़ा बताया गया है. परिजनों और ग्रामीणों ने कई स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
कुछ दिन पहले परिजनों ने रायसी चौकी पहुंचकर युवक की बरामदगी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था. पुलिस की ओर से परिजनों के समक्ष मामले में शिवपुरी गांव के तीन युवकों और खानपुर थाना क्षेत्र के दल्लावाला गांव निवासी एक युवक के नाम बताए जाने की बात सामने आई थी.
इसके बाद से परिजन लगातार युवक के बारे में जानकारी जुटाने और उसकी बरामदगी की मांग कर रहे हैं. उधर, गंगा में एसडीआरएफ की दो टीमों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर उमड़ पड़े. ग्रामीणों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा.
ग्रामीणों की नजर लगातार गंगा में चल रहे सर्च अभियान पर टिकी रही. मामले की जानकारी मिलने पर लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. एसडीआरएफ की टीमें देर तक गंगा में युवक की तलाश में जुटी रहीं.
युवक की गुमशुदगी के मामले में आया नया मोड़: वहीं, युवक की गुमशुदगी के मामले में नया मोड़ आ गया है. युवक के भाई ने चार युवकों पर उसका अपहरण कर उसकी हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है. पुलिस ने युवक की गुमशुदगी को अपहरण और हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया है.
लक्सर कोतवाली के सौंपरी गांव निवासी अंकुश ने पुलिस को सूचना देकर बताया था कि उसका भाई अंकित दो अगस्त की रात को 11 बजे बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया. पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी, लेकिन अभी तक युवक का सुराग नहीं लगा सकी है. वहीं, मामले में अब नया मोड़ आ गया है.
युवक के भाई अंकुश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके भाई अंकित का सौंपरी और दल्लावाला गांव निवासी कुछ युवकों से विवाद चल रहा था. उन्हें संदेह है कि चारों युवकों ने उसके भाई का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है. युवक की तहरीर पर पुलिस ने अब गुमशुदगी के मामले को अपहरण और हत्या की धारा में तरमीम कर लिया है.
