18 August 2026

हल्द्वानी में करंट लगने से पिता और बेटी की मौत, लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश

0

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई. घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है. हादसे में नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा ने दम तोड़ दिया. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल घटना की जांच की जा रही है.

हल्द्वानी में बीती देर शाम करंट की चपेट में आने से एक पिता और उसकी 12 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उसकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा के रूप में हुई है. बीती देर नदीम छत में एसी की आउटडोर लाइन को ठीक कर रहा था, तभी घर से सटे विद्युत पोल की चपेट में वह आ गया. शोर सुन कर उनकी बेटी अलिशबा भी छत में पहुंची जैसे ही उसने पिता को बचाने का प्रयास किया तो वह करंट की चपेट में आ गई.

गंभीर हालत में दोनों को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ खासा आक्रोश देखने को मिला. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट आने की समस्या को लेकर विभाग से पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था. हालांकि, विद्युत पोल से करंट उतरने और हादसे के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है. आज डॉक्टर की टीम पोस्टमार्टम कर मौत के कारणों की रिपोर्ट तैयार करेगी. जिसके बाद मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, भाजपा नेता मजहर नईम नवाब, इसरार अहमद और समाजसेवी उवैस राजा समेत कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading