27 July 2026

आदमखोर गुलदार का आतंक खत्म, वन विभाग की टीम ने किया शूट, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

0

पौड़ी: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से बड़ी खबर सामने आई है. वन विभाग की टीम ने बमठी गांव में आखिरकार उस आदमखोर गुलदार को शूट कर खत्म कर दिया, जिसने दो सप्ताह पहले गांव की महिला सीता देवी को अपना शिकार बनाया था. लंबे इंतजार और लगातार चलाए गए सर्च अभियान के बाद वन विभाग को यह बड़ी कामयाबी मिली है.

जानकारी के अनुसार बीती 23 अप्रैल को बमठी गांव में सीता देवी घर के पास खेतों में काम कर रही थीं, तभी घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में सीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया था और ग्रामीण लगातार वन विभाग से गुलदार को शूट करने की मांग कर रहे थे.

घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में विभागीय शूटरों और वन कर्मियों की टीम तैनात की. टीम ने लगातार जंगल और आसपास के इलाकों में गश्त की. साथ ही कई स्थानों पर पिंजरे भी लगाए गए. इसी दौरान 4 मई को लगाए गए पिंजरे में एक कम उम्र का गुलदार कैद हुआ था, जिसे रेस्क्यू कर पौड़ी लाया गया. हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि यह वह आदमखोर गुलदार नहीं है, जिसने महिला पर हमला किया था. इसके बाद वन विभाग ने अभियान और तेज किया.

करीब दो सप्ताह तक चले ऑपरेशन के बाद आखिरकार वन विभाग की टीम ने आदमखोर गुलदार को चिन्हित कर उसे शूट किया और मौके पर खत्म कर दिया. गुलदार के मारे जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल को महिला पर हुए जानलेवा हमले के बाद से विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में तैनात थी. टीम द्वारा गांव और आसपास के जंगलों में लगातार गश्त की जा रही थी, जबकि विभागीय शूटर गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने और जरूरत पड़ने पर अंतिम विकल्प के रूप में उसे नष्ट करने के लिए तैयार थे.

उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात टीम को सफलता मिली और गुलदार को शूट कर दिया गया. गुलदार के मारे जाने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल काफी हद तक कम हुआ है. साथ ही वन विभाग की टीम लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील भी कर रही है.

एसडीओ ने बताया कि गुलदार का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने कहा कि वन विभाग की टीम पहले दिन से ही पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में काम कर रही थी. गुलदार के मारे जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और अब लोगों में पहले की तुलना में भय कम हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading