27 July 2026

आबकारी की लेडी इंस्पेक्टर से बच नहीं पाया शराब तस्कर, ब्लिंकिट के डिलीवरी बैग से बोतलों का जखीरा बरामद

0

ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में अवैध शराब की तस्करी के लिए एक चौंकाने वाले नए तरीके का पर्दाफाश हुआ है. तस्कर अब पुलिस और आबकारी विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए फेमस ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के बैग का इस्तेमाल कर रहे हैं. हाल ही में आबकारी विभाग की टीम ने एक ऐसे ही मामले का खुलासा किया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है.

ब्लिंकिट कंपनी के बैग में बेच रहा था अवैध शराब: बता दें कि आबकारी विभाग की इंस्पेक्टर प्रेरणा बिष्ट को चंद्रेश्वर नगर में अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिली. जब टीम ने एक दुकान पर छापा मारा, तो उन्हें वहां ब्लिंकिट कंपनी का एक डिलीवरी बैग दिखाई दिया. टीम ने जांच की तो बैग के अंदर से एक पेटी से ज़्यादा अंग्रेजी शराब के क्वार्टर बरामद हुए.

ऑनलाइन डिलीवरी बैग से देता था पुलिस को झांसा: दुकान संचालक ने पूछताछ में अपना नाम अंकित कुमार बताया. आरोपी अंकित कुमार ने खुलासा किया कि वह पुलिस और आबकारी विभाग की कड़ी निगरानी से बचने के लिए इस हाई-प्रोफाइल तरीके का इस्तेमाल कर रहा था. ऑनलाइन डिलीवरी बैग का उपयोग करने के कारण वह आसानी से पुलिस और लोगों के बीच से गुज़र जाता था और किसी को शक नहीं होता था.

लेडी इंस्पेक्टर ने अवैध शराब व्यापारी को कर लिया अरेस्ट: आबकारी विभाग ने मुकदमा दर्ज करने के बाद अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना से यह साफ हो गया है कि अवैध शराब के कारोबारी अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए नए-नए और चौंकाने वाले तरीके अपना रहे हैं.

लगातार हो रहा है विरोध: ऋषिकेश में blinkit का विरोध काफी समय से हो रहा है. ऋषिकेश नगर उद्योग व्यापार मण्डल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा का कहना है कि इन दिनों ज्यादातर लोग ऑनलाइन खरीदारी करते हैं. ऐसे में कई लोग इसका नजायज फायदा उठाकर गलत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने आबकारी की इस कार्रवाई की जमकर सराहना की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading