25 July 2026

किच्छा में बड़े बिजनेसमैन के घर ₹90 लाख की चोरी, CCTV डीवीआर भी ले गये चोर

0

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के किच्छा से बड़ी चोरी की खबर सामने आई है. यहां अज्ञात चोरों ने एक उद्योगपति के घर को निशाना बनाते हुए करीब 90 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. संदिग्धों की तलाश जारी है.

किच्छा स्थित आवास विकास कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब वरिष्ठ राइस मिलर राजेंद्र अग्रवाल के घर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को अग्रवाल परिवार रामनगर में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गया हुआ था. परिवार करीब दो दिन बाद जब अपने घर लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.

घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. अलमारियों तथा लॉकरों को तोड़ा गया था. चोर घर में रखी भारी मात्रा में नगदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो चुके थे. जिसकी कुल कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने घर के कई दरवाजों और लॉकरों को तोड़कर वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के उद्देश्य से चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बॉक्स भी अपने साथ ले गए.

हालांकि, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए दो संदिग्धों की पहचान की है. उनकी तलाश तेज कर दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली. उन्होंने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading