27 July 2026

केदारनाथ धाम में खुला 40 बेड का मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सीएम धामी ने किया लोकार्पण

0

रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में अब स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक हो गई हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित 40 बेड क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया. स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित यह अस्पताल उच्च हिमालयी क्षेत्र में श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों के लिए जीवनदायिनी सुविधा साबित होगा.

भव्य लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि राज्य सरकार की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है. केदारनाथ धाम जैसे दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त अस्पताल की स्थापना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच और सेवा भावना को दर्शाती है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है. इस अस्पताल के माध्यम से अब आपातकालीन चिकित्सा, ऑक्सीजन सुविधा, चिकित्सकीय जांच, प्राथमिक उपचार और विशेषज्ञ परामर्श जैसी सेवाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्री केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों एवं आपातकालीन सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों नागरिकों को निशुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है. साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की. उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक भी है.

कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत आधार बनेगा तथा सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading