5 August 2026

रामनगर में होमस्टे जांच में बड़ा खुलासा, 59 में से 57 होमस्टे में मिली अनियमितताएं

0

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर तहसील क्षेत्र में प्रशासन द्वारा चलाए गए होमस्टे जांच अभियान में बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आई हैं. उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से तीन संयुक्त टीमों का गठन कर विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होमस्टे की जांच की गई. इस अभियान के तहत कुल 59 होमस्टे का निरीक्षण किया गया.

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि जांच के दौरान केवल एक होमस्टे ऐसा पाया गया जहां किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं मिली. वहीं एक अन्य होमस्टे को विधिवत प्रक्रिया के तहत होटल में परिवर्तित किया गया था, इसके अलावा शेष 57 होमस्टे में किसी न किसी प्रकार की खामियां और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए हैं. प्रशासन के अनुसार कई होमस्टे बिना आवश्यक दस्तावेजों, पंजीकरण और मानकों के संचालन करते पाए गए. कुछ स्थानों पर भवन निर्माण और व्यवसायिक गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठे हैं. एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि जांच में सामने आई सभी अनियमितताओं की रिपोर्ट तैयार कर जिला पर्यटन विकास अधिकारी को भेज दी गई है. साथ ही संबंधित विभागों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है.

उन्होंने कहा कि प्रशासन अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले होमस्टे संचालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध और नियम विरुद्ध तरीके से संचालित हो रहे होमस्टे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है. गौरतलब है कि पर्यटन नगरी रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में होमस्टे व्यवसाय तेजी से बढ़ा है. ऐसे में प्रशासन द्वारा की जा रही यह जांच पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित करने और नियमों के तहत संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में अहम मानी जा रही है.

रामनगर उत्तराखंड की प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है. यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंचते हैं. पर्यटन गतिविधियों के लगातार बढ़ने के साथ-साथ रामनगर के छोई, क्यारी, ढीकुली, सांवल्दें, ढेला, सिमलखलिया समेत आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों होमस्टे संचालित हो रहे हैं. पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए कई लोगों ने होमस्टे व्यवसाय शुरू किया है. वहीं प्रशासन भी इन होमस्टे पर लगातार नजर बनाए हुए है. नियमों के पालन, पंजीकरण, सुरक्षा मानकों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच के लिए प्रशासन द्वारा लगातार छापेमार कार्रवाई और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पर्यटन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading