27 July 2026

हरिद्वार के बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़, 14 मोटरसाइकिल बरामद, 4 अरेस्ट, मॉल के पीछे बनाया था अड्डा

0

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में पिछले कई दिन से बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गई थी. लोग परेशान थे तो पुलिस हैरान थी कि अचानक बाइक चोरी की घटनाएं क्यों बढ़ती जा रही हैं. कौन लोग हैं जो बाइक चोरी कर रहे हैं. अब पुलिस ने बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़ कर दिया है. गैंग के कब्जे से 14 चुराई गई बाइक भी बरामद की गई हैं. 4 बाइक चोर भी पकड़े गए हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि चारों गैंगस्टर हैं.

बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़: हरिद्वार की सिडकुल थाना पुलिस ने एक ऐसे बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है, जिसके चारों सदस्य गैंगस्टर हैं. चारों आरोपी बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते आ रहे थे.

गैंग के कब्जे से मिली 14 बाइक: चारों गैंगस्टर की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई 14 मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं. चारों आरोपी गैंगस्टर हैं, जिन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सिडकुल थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया.

पिछले कई दिनों से थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार एक के बाद एक दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा इसमें संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. गठित पुलिस टीम द्वारा सभी घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया. चोरी की घटनाओं के दौरान घटित संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण करते हुए एक क्राइम ग्राफ भी तैयार किया गया. साथ ही आसपास निवास कर रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग एकत्रित किए गए.पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान दवा चौक सिडकुल के पास से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से गहन एवं कड़ी पूछताछ की गई. उन्होंने बताया कि उनके दो अन्य साथी पेंटागन मॉल के पीछे स्थित टिन शेड के पीछे चोरी की गई मोटरसाइकिलों की देखरेख कर रहे हैं तथा उनका सौदा करने जा रहे थे. सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर टीम द्वारा पेंटागन मॉल के पीछे कूड़े के ढेर के पास दबिश दी गई. मौके से दो आरोपियों सुनील कुमार व अक्षय को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दबोचा गया. मौके पर टिन शेड के पीछे कुल 14 मोटरसाइकिलें खड़ी मिलीं.

गिरफ्तार गैंगस्टर्स का है आपराधिक इतिहास: एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से चारों का लंबा अपराधिक इतिहास है. चारों के खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे भी दर्ज हैं. आरोपी अक्षय अभी एक महीना पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और गैंग बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था. चारों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. इस गैंग में अन्य कई आरोपी शामिल हो सकते हैं, जिनका पता लगाया जा रहा है. चारों आगे से इस तरह की वारदातों को अंजाम न सकें, इसके लिए गैंगस्टर एक्ट जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading