11 August 2026

देहरादून में मैकेनिकल इंजीनियर निकला चोर, खटीमा में नाबालिगों ने चोरी से खड़ा किया ‘शोरूम’

0

देहरादून/खटीमा: राज्य में वाहन चोरियों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी एक्टिव है. देहरादून पुलिस ने वाहन चोरी की 7 अलग- अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए 2 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया. वहीं, खटीमा में वाहन चोरों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए आठ चोरी की बाईकों के साथ दो नाबालिक किशोरों को पकड़ा है.

देहरादून में मैकेनिकल इंजीनियर निकला वाहन चोर: कोतवाली पटेल नगर ने वाहन चोरी की 7 अलग- अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए 2 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई 7 बुलेट मोटर साइकिल सहित कुल 13 दो पहिया वाहन बरामद किए गए हैं.गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं. वे सुनियोजित तरीके से रेकी कर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस से बचने के लिए घटना के बाद वाहनों की नम्बर प्लेट हटाकर गली मोहल्लों के रास्ते हो फरार हो जाते थे. अपने खर्चों की पूर्ति के लिए चोरी के वाहनों की नम्बर प्लेट हटाकर उन्हें अपने परिचितों को किराए पर देते थे. साथ ही गिरफ्तार एक आरोपी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग से डिप्लोमा किया हुआ है.

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया दोनों आरोपी योजना बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घूमते हुए सुनसान जगहों पर खड़ें दो पहिया वाहनों को चिन्हित करते थे. मौका देखकर वहां चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी चोरी के वाहनों से नम्बर प्लेट को हटाकर उन्हें गली-मोहल्लों के बीच से ले जाते हुए पहले में चिन्हित किये गये स्थान पर खड़ा कर देते थे. सही ग्राहक मिलने पर वाहनों को उन्हें बेच देते थे.

खटीमा में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कोतवाली के झनकट चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो किशोर को पकड़ा. पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गईं सात अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं. पुलिस ने कुल आठ चोरी की बाइक बरामद की हैं.

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को चेकिंग के दौरान दोनों बालक मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ पकड़े गए. जांच में यह बाइक थाना खटीमा के चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली. पूछताछ में बालकों ने अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे आम की बगिया में छिपाकर रखने की जानकारी दी. पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उनकी निशानदेही पर सात बाइक बरामद कर लीं. इनमें 7 अगस्त को पुलिस द्वारा पकड़ी गई बाइक UK06BN-6698 भी शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading