30 July 2026

तंत्र-मंत्र के दौरान छह साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों का हंगामा, महंत और सेवादारों को उठाकर ले गए

0

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से बड़ा मामला सामने आया है. काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के दौरान छह वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने धाम पहुंचकर महंत और उसके दो सेवादारों के साथ मारपीट की और उन्हें अपने साथ ले गए. घटना के बाद शिवलालपुर धाम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच का इंतजार कर रही हैं.

तंत्र-मंत्र के दौरान बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: जानकारी के मुताबिक काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में शिवलालपुर धाम है, जहां पर तंत्र-मंत्र के दौरान छह वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने धाम पहुंचकर महंत और उसके दो सेवादारों के साथ मारपीट की. आरोप है कि आक्रोशित परिजन महंत और उसके दो सेवादारों को जबरन अपने साथ लेकर भी गए हैं.

शिवलालपुर धाम का मामला: इस घटना से धाम में मौजूद श्रद्धालुओं और महंत के परिजनों में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पैगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा स्थित जंगलवाला बालाजी मंदिर परिसर में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के हरथला निवासी सत्यवीर सिंह ने करीब सात वर्ष पूर्व शिवलालपुर धाम की स्थापना की थी.

पुलिस के अनुसार यहां प्रत्येक मंगलवार को दरबार लगाया जाता है, जहां तंत्र-मंत्र, ऊपरी बाधा, गांठ, पथरी व अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार का दावा किया जाता है. इसी विश्वास के चलते दूर-दराज के लोग भी यहां पहुंचते हैं. पुलिस ने बताया कि 27 जुलाई को संभल जनपद के थाना कुड़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बैरनी निवासी वीरवती अपने छह वर्षीय पोते अर्पित यादव को लेकर धाम पहुंची थीं.

बच्चे को दौरे पड़ने की शिकायत थी: बताया गया कि बच्चे को दौरे पड़ने की शिकायत थी. आरोप है कि धाम में चल रही कथित तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के दौरान बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

एक सेवादार मौका देखकर भागा: मासूम की मौत की सूचना मिलते ही उसके पिता सुगर सिंह, चाचा और अन्य परिजन कई वाहनों से धाम पहुंच गए. गुस्साए परिजनों ने महंत सत्यवीर सिंह, सेवादार प्रशांत और रोहित के साथ मारपीट की. आरोप है कि इसके बाद तीनों को जबरन वाहन में बैठाकर चंदौसी की ओर ले जाया गया. रास्ते में सेवादार रोहित मौका पाकर फरार हो गया. बाद में चंदौसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.

इसके बाद परिजनों ने महंत और एक सहयोगी को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित रख लिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. दूसरी ओर धाम के भक्तों ने भी परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

महिला भक्त रामवती और शिवानी का कहना है कि बड़ी संख्या में आए लोगों ने धाम में घुसकर अभद्रता और मारपीट की. वहीं भक्त सोनू ने बताया कि हमलावर लाठी-डंडों से लैस थे. उन्होंने धाम के मुख्य गेट का शीशा और सीसीटीवी मॉनिटर भी तोड़ दिया.

सोनू का यह भी दावा है कि घटनास्थल पर पहुंची दो गाड़ियों में से एक पर “मजिस्ट्रेट” लिखा था और उस पर हूटर भी लगा हुआ था. फिलहाल आईटीआई कोतवाली पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading