27 July 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड पर हमलावर हुई महिला कांग्रेस, जुलूस निकालकर पूछा- गट्टू कौन?

0

देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला की ओर से सोशल मीडिया पर कथित वीआईपी का नाम उजागर किये जाने के बाद, कांग्रेस भाजपा के खिलाफ आक्रामक हो गई है. एक तरफ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग की. दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया खुलासा: एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली मे प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जल्द से जल्द अंकिता भंडारी केस की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की अध्यक्षता में सीबीआई से कराने की मांग उठाई है. दूसरी तरफ राजधानी देहरादून में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने मोर्चा संभाल लिया. ज्योति ने इस मामले को लेकर कई सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी के द्वारा वीआईपी का नाम उजागर करने और भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड के वनंतरा रिजॉर्ट पर स्थानीय विधायक रेणु बिष्ट के इशारे पर बुल्डोजर की कार्रवाई किये जाने के खुलासे ने साबित कर दिया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के राज्य नेतृत्व के साथ-साथ शीर्ष नेतृत्व भी शामिल है.

उत्तराखंड में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है: उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में भाजपा के पदाधिकारी और नेता जनहित के कार्य करने की बजाय गलत में लिप्त पाये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा करने में जहां राज्य की पुलिस नाकाम रही, पुलिस ने मामले को उलझाने के लिए कमरे का नाम वीआईपी बताया. लेकिन अब पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर और भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ के बयानों ने साबित कर दिया है कि राज्य की पुलिस ने अपराध और अपराधियों को खुला संरक्षण दिया जा रहा है.

गट्टू के नाम का हो खुलासा-ज्योति: ज्योति ने कहा कि पुलिस को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए था कि अंकिता भंडारी द्वारा अपने व्हाट्सअप चैट में गेस्ट हाउस में आने वाले वीआईपी को अतिरिक्त सुविधायें देने की बात कही गई थी या वीआईपी कमरे की बात की गई थी. पुलिस को ये भी बताना चाहिए कि भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी की ओर से बताए गए नाम के पीछे का चेहरा कौन है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading