12 September 2026

खतरे में नौनिहालों का भविष्य! जान जोखिम में डाल स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, वीडियो आया सामने

0

रुद्रपुर: विकास के बड़े दावे करने वाली सरकार और सिस्टम को आईना दिखाने वाला एक वीडियो उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर से सामने आया है. बाजपुर के चकरपुर में लेवड़ा नदी पर सर्विस पुल का निर्माण चल रहा है, इसीलिए लोगों के पास नदी को पार करने का सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है. ऐसे में स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम के डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं, जो वीडियो सामने आया है, उसमें भी साफ दिख रहा है कि कैसे स्कूली बच्चे पानी उतरकर नदी को पार कर रहे है. वीडियो सामने आने के बाद बाजपुर एसडीएम ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं.

जानकारी के अनुसार चकरपुर में लेवड़ा नदी पर सर्विस पुल का निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में आवाजाही का रास्ता प्रभावित बताया जा रहा है. ऐसे में स्कूली बच्चों के सामने स्कूल आने-जाने की समस्या खड़ी हो गई है. इसीलिए बच्चों को पानी में उतरकर नदी को पार करना पड़ रहा है, जिसका वीडियो भी सामने आया.

जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे बच्चे: वीडियो में कुछ बच्चे पैदल नदी पार करते हुए दिखाई दे रहे हैं. बच्चों को नदी के पानी के बीच से गुजरते देखकर उनके साथ किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में बच्चों के लिए खतरा और अधिक बढ़ सकता है. वहीं नदी पार करते समय पैर फिसलने अथवा अचानक जलस्तर बढ़ने से हादसा होने की आशंका भी बनी रहती है. ऐसे में अभिभावकों के लिए भी बच्चों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है.

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. बाजपुर एसडीएम रिचा सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जल्द से जल्द समस्या का निवारण किया जाएगा.

बड़ा सवाल: अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब तक सर्विस पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक स्कूली बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग तत्काल सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करें, ताकि बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading