पतंजलि योगपीठ पहुंचे हरीश रावत, बंद कमरे में रामदेव से मुलाकात, सनातन और बीजेपी पर दिया बड़ा बयान
![]()
हरिद्वार: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार को पतंजलि योगपीठ हरिद्वार पहुंचे. यहां उन्होंने योगगुरू स्वामी रामदेव से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि स्वामी रामदेव अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन में व्यस्त थे, लेकिन हरीश रावत के पहुंचते ही उन्होंने रामदेव ने उनसे मुलाकात की.
बताया जा रहा है कि हरीश रावत और योगगुरू स्वामी रामदेव के बीच बंद कमरे में बात हुई है. 15 मिनट मुलाकात करने के बाद हरीश रावत पतंजलि योगपीठ से रवाना हो गए. मुलाकात से पहले हरीश रावत ने स्वामी रामदेव को भगवा शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया. इस दौरान हरीश रावत ने आचार्य बालकृष्ण से भी मुलाकात की.
बंद कमरे में दोनों के बीच क्या बात हुई, इस पर हरीश रावत ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया. रामदेव की तरफ से भी इस मुलाकात पर कोई बयान नहीं आया है, लेकिन दोनों की मुलाकात के राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाल जाने लगे हैं.
खानपुर से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा: हरीश रावत से जब हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि,मैं खानपुर की जनता का आभारी हूं, मैं हरिद्वारमय हूं, मेरा मन तो हमेशा हरिद्वार में ही रहता है, लेकिन मन तो मन ही है न और उनका मन तो कहीं और ही है. चुनाव लड़ने के लिए जो पार्टी हाई कमान का आदेश होगा, उसका पालन किया जाएगा.
बीजेपी में जाने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि उन्होंने कभी बीजेपी की तारीफ नहीं की. जितना सैद्धांतिक विरोध उन्होंने भाजपा का किया है, उतना शायद ही हिंदुस्तान में किसी ने किया होगा. हरीश रावत ने कहा कि वो अपने राजनीतिक विरोधियों के प्रति भी शब्दों में सहिष्णु हैं.
वहीं चमोली जिले से जोशीमठ में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश पर भी हरीश रावत ने दु:ख जताया है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिएं, वो हादसे में लापता लोगों की सलामती की दुआ करते हैं.
